जहर खाने से प्रेमिका मरी,प्रेमी रिम्स रेफर


गढवा: जीवन भर साथ रहने के वादे व कसमें पूरा नहीं होता देख गढवा जिले के काडी के एक प्रेमी जोड़े ने जान देने की कोशिश की। हालांकि कोशिश नाकाम हो गई। दोनों साथ दुनिया से विदा नहीं हो सके। प्रेमिका की जान तो चली गई लेकिन प्रेमी बच गया। वह जीवन व मौत के बीच रिम्स रांची में इलाजरत है। जानकारी के अनुसार कांडी थाना क्षेत्र के सरकोनी गांव निवासी रामाशीष शर्मा कांडी बाजार में किराए के मकान में गैरेज चलाता है। उसका पुत्र 20 वर्षीय आशुतोष का मकान मालिक की पुत्री से प्रेम हो गया। प्रेम प्रसंग की जानकारी जब किशोरी के पिता को हुई तो उसने चुपचाप अपनी पुत्री की शादी के लिए स्वजातीय वर ढूंढना शुरू किया। रिश्ते की बात आगे बढ़ चुकी थी। गोव‌र्द्धन पूजा के बाद वर पक्ष के लोग युवती को देखने के लिए आने वाले थे। इसकी भनक मिलते ही युवती ने आशुतोष को अपनी शादी अन्यत्र किए जाने की बात बताई। इसके पश्चात दोनों रविवार को दिन में घर से भाग गए। रात में युवती आशुतोष को साथ लिए अपने घर पहुंची तो उन दोनों की स्थिति गंभीर हो चुकी थी। क्योकि दोनों ने जान देने की नीयत से सल्फास खा लिया था। इस स्थिति को देख युवती के पिता ने युवक के पिता रामाशीष शर्मा को इसकी जानकारी फोन से दी। इसके बाद दोनों को आनन फानन में देर रात को सदर अस्पताल लाया गया। जहां इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई। जबकि युवक की स्थिति गंभीर होते देख उसे रिम्स रांची भेज दिया गया।

No comments:

Post a Comment