वंशीधर नगर : वंशीधर नगर पंचायत अध्यक्ष विजयालक्ष्मी देवी ने दशहरा को लेकर वंशीधर नगर पंचायत क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाये रखने को लेकर शनिवार को कार्यालय के सभागार में सभी प्रतिनिधियों एवं पूजा समिति के अध्यक्ष एवं सचिव के साथ बैठक की। बैठक में नपं अध्यक्ष विजयालक्ष्मी देवी ने सभी प्रतिनिधियों, पूजा समिति के पदाधिकारियों एवं गणमान्य लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने की अपील
की। उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान पंडाल में बेहतर साफ-सफाई रखने वाले समिति को स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत पुरस्कृत किया जायेगा। नपं अध्यक्ष ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाना सभी की जिम्मेवारी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिये पूजा पंडाल प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा तथा बेहतर करने वाले को पुरस्कृत किया जायेगा। एसडीओ सह कार्यपालक पदाधिकारी कमलेश्वर नारायण ने सभी पूजा समिति के अध्यक्ष व सचिव को अपने-अपने पूजा पंडाल में बेहतर साफ-सफाई रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को लेकर नपं के द्वारा सभी पूजा पंडालों में डस्टबिन उपलब्ध कराया जायेगा उसी में कचरा को रखा जायेगा। उन्होंने कहा कि सभी लोग प्रसाद वितरण में पॉलिथिन का प्रयोग नहीं करेंगे। उसके जगह पर कागज या जूट के पैकेट का इस्तेमाल करेंगे। साथ ही चिन्हित स्थान पर ही मूर्ति का विसर्जन करेंगे। उन्होंने लोगों से स्वच्छ भारत स्वस्थ भारत बनाने में सहयोग करने की अपील की। बैठक में नपं उपाध्यक्ष लता देवी, सांसद प्रतिनिधि मुकेश चौबे, विधायक प्रतिनिधि अशोक सेठ, वार्ड पार्षद कामेश राम, रंजन कुमार उर्फ छोटू, शंभू राम, राजकुमार, राजेश समेत सभी वार्ड पार्षद एवं पूजा समिति के अध्यक्ष उपस्थित थे।
No comments:
Post a Comment