कांडी: राजकीय कृत शाहीदेव उच्च विद्यालय खरौंधा के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने गुरुवार को मझिआंव-सुंडीपुर मुख्य सड़क को पांच घंटे तक जाम किया.




कांडी: राजकीय कृत शाहीदेव उच्च विद्यालय खरौंधा के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने गुरुवार को मझिआंव-सुंडीपुर मुख्य सड़क को पांच घंटे तक जाम किया.
प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ चले लंबी वार्ता के बाद जाम हटाया गया.विदित हो कि मंगलवार को 11:30 बजे दिन मे गांव के ही कुछ लोगो ने खरौंधा उच्च विद्यालय के प्रांगण में बच्चों के साथ मारपीट की थी. जिससे कई बच्चे घायल हो गए थे. मारपीट की घटना को लेकर स्कूल के छात्र मनोरंजन कुमार यादव पिता श्लोक यादव ने कांडी थाना में आवेदन देकर खरौंधा निवासी विनोद ओझा, अश्वनी ओझा, व मानस ओझा के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज कराया था. आवेदन में मनोरंजन कुमार यादव सहित दर्जनों छात्रों ने आरोप लगाया कि उक्त लोगों द्वारा उनकी गाड़ी में धक्का देने के लिए वर्ग कक्ष में आकर बुलाया गया.  इसका विरोध करने पर उक्त तीनों ने भद्दी -भद्दी गालियां देते हुए पिस्तौल लहराया जिससे डर कर सभी बच्चे घर भाग गये. मनोरंजन कुमार ने आरोप लगाया है कि विद्यालय के शिक्षक व किरानी के सामने यह घटना घटी किंतु किसी के द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई. इसके अलावा बच्चों ने उक्त तीनों व्यक्तियों पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं.आवेदन में कहा गया है कि उक्त तीनों लोगों के परिवार के सदस्यों द्वारा विद्यालय परिसर के इर्द-गिर्द नशीले पदार्थ की बिक्री की जाती है. साथ ही विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं के साथ बदसलूकी की जाती है. कांडी थाना द्वारा दोषियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण बच्चों ने गुरुवार की सुबह 8:30 बजे से ही मझिआंव- सुंडीपुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. तथा डीसी को बुलाने की मांग करने लगे. पांच घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंचे कांडी बीडीओ गुलाम समदानी, मोहम्मद असलम, बीईईओ व थाना प्रभारी विजय कुमार सिंह ने  किसी तरह समझा बुझाकर जाम हटवाया. मौके पर थाना प्रभारी ने बच्चों को आश्वासन दिया कि इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है. तथा दो दिनों के अंदर दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. बताते चलें कि उच्च विद्यालय खरौधा का विवादों से पुराना नाता रहा है. खरौंधा के ग्रामीणों का आरोप रहा है कि एक व्यक्ति विशेष द्वारा विद्यालय की भूमि का अतिक्रमण कर लिया गया है.
बीडीओ ने मौके पर कहा कि बहुत जल्द विद्यालय के जमीन को अतिक्रमण मुक्त करते हुए चाहरदिवारी का निर्माण कराया जाएगा. साथ ही इस विद्यालय में जल मीनार का भी निर्माण कराया जाएगा, जिससे बच्चों को पानी पीने बाहर ना जाना पड़े. मौके पर एएसआई प्रभु प्रसाद, ददन साह, विधायक प्रतिनिधि अजय कुमार सिंह, गाड़ा खुर्द पंचायत मुखिया प्रतिनिधि नीरज कुमार सिंह व मनोज ठाकुर सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.

No comments:

Post a Comment