सूबे के स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी ने सोमवार को परिसदन भवन में अधिकारियों के साथ किया समीक्षात्मक बैठक दिये आवश्यक निर्देश


गढ़वा: सूबे के स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी ने सोमवार को परिसदन भवन में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें उन्होंने विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ जिले में चलाई जा रही विकास योजनाओं की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उज्जवला योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने चयनित लाभुकों के बीच जल्द से जल्द निश्शुल्क गैस कनेक्शन व चूल्हा देने को कहा, ताकि इस योजना का लाभ ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को मिल सके। उन्होने कैंप लगाकर लाभुकों के बीच गैस कनेक्शन वितरित करने का निर्देश दिया। बैठक में जिले में चल रहे अवैध ईंट भट्ठों पर भी चर्चा की गई। मंत्री ने अवैध ईंट भट्ठों पर कार्रवाई करने को कहा। साथ ही इन पर अंकुश नहीं लगाए जाने पर नाराजगी जताई। इसके अलावा कांडी, बरडीहा व मझिआंव में विभिन्न स्थानों पर तार व खंभे लगाते हुए बिजली का कनेक्शन करने का कार्य वर्षा के पूर्व करने को कहा। मंत्री ने खजुरी में नवनिर्मित स्वास्थ्य केंद्र भवन पर अवैध कब्जा जमाने की शिकायत पर नाराजगी जताई तथा संबंधित पदाधिकारियों को फटकार लगाते हुए डीडीसी व एसडीओ को स्वास्थ्य केंद्र को अवैध कब्जा से मुक्त कराने का आदेश दिया। उन्होंने खजुरी डैम के अधूरे कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण कराने को कहा।


No comments:

Post a Comment