कुआं में एक साथ दो शव मिलने से सनसनी



गढ़वा : झारखंड के गढ़वा जिले के सुदूरवर्ती रमकंडा थाना क्षेत्र के पुनदगा गांव में शुक्रवार की सुबह एक कुआं में एक साथ दो लोगों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतकों की पहचान पलामू जिला के रामगढ़ थाना क्षेत्र के बेड़मा-बभंडी गांव निवासी मिठू मोची के पुत्र राजेंद्र कुमार (21) व विनोद राम के पुत्र सुमंत कुमार (19) के रूप में हुई है.
बताया जाता है कि पिछले दिनों राजेंद्र और विनोद अपने भाई के ससुर पुनदगा गांव निवासी अर्जुन मोची के यहां आया था. शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों ने सड़क किनारे स्थित इस कुआं में दो शव पानी पर तैरता देखा.

 सूचना मिलते ही रमकंडा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. इसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी. आशंका जतायी जा रही है कि हत्या प्रेम प्रसंग से भी जुड़ा हो सकता है.

 मृतक के परिजनों ने बताया कि गुरुवार की शाम दोनों बाजार घूमने निकले थे. रात को नहीं लौटे, तो उनकी खोजबीन की गयी. रात में इनका कोई अता-पता नहीं चला. सुबह लोगों ने कुआं में दोनों का शव देखा.

स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी गयी. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस हत्या के कारणों के बारे में कुछ भी कहने से बच रही है. पुलिस ने कहा है कि   हत्या के विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के कारणों के बारे में कुछ कहेगी.

No comments:

Post a Comment