मझिआंव में अधेड़ ठग ने ग्रामीण महिला से उड़ाये 39 हजार रुपये मामले की हो रही है जांच

मझिआंव /गढ़वा: मझिआंव बस स्टैंड स्थित भारतीय स्टेट बैंक की बरडीहा शाखा से रुपये निकालकर ले जा रही दो महिलाओं से बाजार में एक अधेड़ ठग ने 39 हजार रुपये उड़ा लिए। घटना की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि उक्त ठगी की शिकार महिला दो तरह का बयान दे रही है।

पहली बयान में करमडीह गांव निवासी अजय विश्वकर्मा की पत्नी कमला देवी ने बताया कि उसके 46 हजार रुपये तथा उसकी गोतनी के तीन हजार रुपये की ठगी हुई है। लेकिन बैंक स्टेटमेंट में पाया गया कि कमला देवी ने 25 हजार एवं उसकी गोतनी ने 9 हजार रुपये निकाले थे। इन्होंने बताया कि रुपया निकालकर दोनो मझिआंव बाजार में पीपल पेड़ के समीप सलीम अंसारी की बन्द पड़ी किराना दुकान के आगे बरामदे में बैठी थी। इस बीच एक अधेड़ (एवं उसके साथ एक लगभग बारह वर्ष का बच्चा भी था) आया और एक रुमाल की बंधी हुई गठरी में रुपयों की गड्डी की शक्ल में रुपया देते हुए कहा कि इसमें एक लाख दस हजार रुपये हैं। आप लोग इसको रखिये, और आप अपना रुपया दीजिये हम उसका खुदरा कराकर ला देते हैं। मौके पर एक लाख दस हजार रुपयों की बात सुनते ही दोनो महिलाओं ने बिना रुमाल की गठरी खोले ही उस पर विश्वास करते हुए कमला देवी तथा उसकी गोतनी ने अपने रुपये उसे खुदरा करने के लिए दे दिया। उसके जाने के काफी देर बाद जब वह नही आया तो महिला ने रुमाल की गठरी खोली तो भौचक रह गई। उसमे गड्डी की शक्ल में कागज के टुकड़े बंधे हुए थे। बहरहाल इसकी जांच की जा रही है।

No comments:

Post a Comment