श्री रामलला मन्दिर में महोत्सव शुरू, निकली भव्य कलश यात्रा

गढ़वा:- श्री राम लला मंदिर सोनपुरवा गढ़वा में रविवार को राम नवमी पूजा महोत्सव का शुभारंभ किया गया। 25 मार्च तक चलने वाले इस महोत्सव की शुरुआत कलश यात्रा से की गई। वृंदावन से पधारे आचार्य संजय कृष्ण शास्त्री ने मंत्रोचार के साथ कलश यात्रा का शुभारंभ कराया। कलश यात्रा में सत्यनारायण दुबे ने मुख्य कलश एवं पुजारिन सरस्वती कुंवर ने श्री रामचरित्रमानस ग्रन्थ को अपने सिर पर उठा कर यात्रा को प्रथम गति प्रदान की। कलश यात्रा में लगभग 500 महिला पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। बाजे-गाजे एवं भक्ति गीतों के साथ प्रारंभ कलश यात्रा शहर के मुख्य मार्गो से होते हुए रंका मोड़ पहुंची। वहां से मिनी बस स्टैंड होते हुए छठ घाट पहुंची। छठ घाट अवस्थित कुआं से पवित्र जल उठाया गया। वहां भी आचार्य संजय कृष्ण शास्त्री ने मंत्रोच्चारण के साथ श्रद्धालुओं का संकल्प कराया एवं कलश में जल भरवाया। वहां से कलश यात्रा मुख्य बाजार से होते हुए सोनपुरवा तालाब के रास्ते पुनः श्री राम लला मंदिर परिसर पहुंची। वहां सभी कलश की स्थापना की गई एवं विधिवत मंत्रोच्चार के साथ पूजा अर्चना किया गया। खुशी में महिला श्रद्धालुओं ने जमकर नृत्य किया एवं भक्ति गीतों में अपने आप को भावविभोर कर लिया। घण्टों चले इस सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद प्रसाद वितरण किया गया। तत्पश्चात सभी श्रद्धालु अपने घर की ओर निकले।शाम में आचार्य संजय कृष्ण शास्त्री द्वारा भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन एवं पूजा नवमी के 9 दिन तक चलेगा।25 मार्च को मंदिर परिसर में भव्य मेला का भी आयोजन किया गया है। उस दिन भगवान श्री राम लला के बाल रूप के दर्शन के लिए विशेष व्यवस्था भी की गई है। इस मौके पर श्री राम लला मंदिर समिति के संरक्षक द्वारिका प्रसाद केसरी, सचिव धनंजय सिंह,उपाध्यक्ष सुदर्शन सिंह, सह सचिव सत्य नारायण दुबे, कोषाध्यक्ष धनंजय गोंड, सदस्य अनिल शर्मा, जितेंद्र कमलापुरी, रामाशंकर सिंह, मनोज कुमार गुप्ता, विश्व विजय सिंह, आशीष बैद्य, बैजू बाबा, संरक्षक बैजनाथ सिंह, कार्यालय मंत्री धनंजय कुमार ठाकुर सहित कई कार्यकर्ता कलश यात्रा की व्यवस्था एवं पूजा की व्यवस्था में लगे हुए थे।

No comments:

Post a Comment