कांडी : कांडी में बिजली कनेक्शन के नाम पर की जा रही अवैध वसूली को लेकर डीसी से फरियाद की गई है। इस मनमानी पर रोक लगाते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। कांडी प्रखंड के सांसद प्रतिनिधि राम लखन प्रसाद एवं कांडी पंचायत के मुखिया सह भाजपा नेता विनोद प्रसाद ने जिले की उपायुक्त डॉ नेहा अरोड़ा को आवेदन देकर इस आशय की मांग की है। उन्होंने कहा है कि एक तरफ बिजली विभाग के बड़े पदाधिकारी इस तरह की किसी वसूली से इन्कार कर रहे हैं। वे कहते हैं कि एग्रीमेंट व कनेक्शन के लिए उनका कोई अधिकारी व कर्मचारी कांडी में पदस्थापित तथा अधिकृत नहीं है। दूसरी तरफ यहां 33 सौ रुपए में घरेलू व 75 सौ रुपए में व्यावसायिक कनेक्शन की बिक्री की जा रही है। दर्जनों लोगों ने इस तरह का कनेक्शन ले लिया है। तारीफ तो यह है कि पूरी कांडी बस्ती व बाजार अंधेरे में है। लेकिन इस तरह का महंगा कनेक्शन लेनेवालों के घर में बिजली जलने लगी है। कहा कि सरकार एक एक व्यक्ति को सुगमता से सस्ता कनेक्शन देना चाहती हैे। दूसरी तरफ यहां सरकारी योजना को विफल करने की साजिश की जा रही है। कांडी बेहद पिछड़ा हुआ एक गांव है। यह ग्राम पंचायत के अधीन है। भाजपा के नेता द्वय ने कहा है कि यदि कांडी शहर होता तो यहां पंचायत नहीं नगर पंचायत होता। कांडी बस्ती की आबादी 17 सौ व पंचायत की आबादी मात्र छह हजार है। फिर यहां शहर व बड़े बिजनेस सेंटर की तरह चार्ज किया जाना किसी भी शर्त पर सही नहीं है।
क्या कहा डीसी ने :- इस संबंध में उपायुक्त डॉ नेहा अरोड़ा ने कहा कि अवैध वसूली करनेवाले व कनेक्शन लेनेवालों की सूची जमा करें। इसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

No comments:
Post a Comment