गढ़वा : लोकसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद उपायुक्त हर्ष मंगला ने सोमवार को डीसी कार्यालय के सभागार में पत्रकार वार्ता कर चुनाव की तैयारियों व आचार संहिता को लेकर विस्तृत जानकारी दी। साथ ही राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों को आदर्श आचार संहिता के बारे में बताया। डीसी ने कहा कि 24 घंटे के अंदर सभी राजनीतिक दल सार्वजनिक स्थलों पर पूर्व से लगाए गए पोस्टर, बैनर आदि को हटा लें। अन्यथा उनके विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता का अनुपालन करना सभी के लिए अनिवार्य है। इसका उल्लंघन करने पर प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। उपायुक्त ने बताया कि गढ़वा विधान सभा क्षेत्र 80 एवं भवनाथपुर विधानसभा 81 के सभी मतदान केंद्र के लिए सामग्री, वाहन, ईवीएम, मतदान कर्मियों की व्यवस्था आदि गढ़वा जिला प्रशासन द्वारा दी जाएगी। जबकि विधानसभा क्षेत्र 76 व 77 की सारी व्यवस्था पलामू जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी। मगर इन विधान सभा क्षेत्र के लिए सेक्टर दंडाधिकारी व सुरक्षा की व्यवस्था गढ़वा से दी जाएगी। उन्होंने कहा कि लोग सी विजिल एप के माध्यम से आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन से संबंधित शिकायत कर सकते हैं। इस पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। एसपी शिवानी तिवारी ने बताया कि जिले के सभी बॉर्डर पर चेकनाका लगाया जाएगा। जहां आर्म्स, कैश एवं चुनाव को प्रभावित करने वाली सामग्री की जांच की जाएगी। पत्रकार वार्ता में डीडीसी एनपी लकड़ा, एसी पीके गागराई, सदर एसडीओ प्रदीप कुमार, श्रीबंशीधर नगर एसडीओ कमलेश्वर नारायण, रंका एसडीओ संजय पांडेय, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश केशरी, जेएमएम जिलाध्यक्ष तनवीर आलम खां, मनोज ठाकुर राजद जिलाध्यक्ष शरीफ अंसारी, जेवीएम जिलाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरविद तूफानी, भाकपा माले के किशोर कुमार, आदि उपस्थित थे।


No comments:
Post a Comment