गढ़वा। जिला मुख्यालय के शांति निवास विद्यालय के प्रशाल में शनिवार के दो दिवसीय नवीं जिला स्तरीय अंतर स्कूल टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसका उदघाटन टेबल टेनिस संघ के संरक्षक सह मुख्य अतिथि अलखनाथ पांडेय एवं अन्य पदाधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों ने टेबल टेनिस खेलकर खेल की शुरूआत की। इस प्रतियोगिता में शांति निवास, आरके पब्लिक स्कूल, एनटीसीए, सूरत पांडेय पब्लिक स्कूल, नवोदय विद्यालय, संत पॉल, जिला शिक्षा निकेतन सहित नौ विद्यालय के 80 प्रतिभागी शामिल हैं।
इस मौके पर बोलते हुए मुख्य अतिथि श्री पांडेय ने कहा कि टेबल टेनिस को आगे बढ़ाने के लिए यह जरूरी है कि खिलाड़ी अपने खेल पर पूरा ध्यान दें। समय काटने के लिए इस गेम को नहीं खेलें। जिस तरह अर्जुन की निगाह मछली की आंख पर थी, उसी तरह आपकी निगाह जीत पर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिसके अंदर प्रतिभा है उसे किसी की मदद की दरकार नहीं होती है। उसका सहयोग करने स्वयं लोग आगे आ जाते हैं। केन्द्र एवं राज्य की सरकार युवा एवं खेल पर पूरा ध्यान दे रही है। जिसका सहयोग कोई नहीं करेगा उसकी मदद सरकार करेगी। इस मौके पर सचिव आनंद सिन्हा ने कहा कि यह गेम काफी लोकप्रिय है। इसे नौ वर्ष पूर्व गढ़वा लाया गया है। इस जिले के आठ खिलाड़ी नेशनल खेलते हैं। राज्य स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में इस जिला का काफी अच्छा प्रदर्शन रहता है। मौके पर संघ के उपाध्यक्ष नंदकुमार गुप्ता, संजय सोनी, नवनीत शुक्ला, विनोद कमलापुरी, डा. पतंजलि केशरी, जिनाहुद्दीन खान, रामाशंकर सिंह, अशोक विश्वकर्मा, अनिता दत्त, सिस्टर रौशना, अरविन्द तुफानी, मुजीबुद्दीन खान, अरविंद गुप्ता, पुनमचंद कांस्यकार, प्रिंस सोनी सहित कई लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का सफल संचालन संघ के कोषाध्यक्ष कमलेश कुमार दूबे ने किया।


No comments:
Post a Comment