वंशीधर नगर:  जिले के डीडीसी चंद्रमोहन प्रसाद कश्यप ने सोमवार को
प्रखंड कार्यालय के सभागर में वंशीधर नगर एवं विशुनपुरा प्रखंड के सभी
पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ बैठक कर प्रधानमंत्री आवास एवं मनरेगा
योजना की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान डीडीसी ने सभी पदाधिकारियों एवं
कर्मियों को 15 मई तक हर हाल में अधूरे पड़े आवासों को पूर्ण कराने एवं
मनरेगा के तहत प्रत्येक गांव में तीन-तीन योजनाओं को चालू कर मजदूरों को
काम देने का निर्देश दिया। जानकारी के मुताबिक बैठक में डीडीसी ने वंशीधर
नगर एवं विशुनपुरा प्रखंड में वित्तीय वर्ष 2016-17 में प्रधानमंत्री
आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों की समीक्षा के दौरान के अबतक कई आवासों
के पूर्ण नहीं होने पर नाराजगी प्रकट करते हुये सभी पदाधिकारियों एवं
कर्मियों को15 मई तक हरहाल में पूर्ण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने
कहा कि कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। सभी पदाधिकारी एवं
कर्मचारी मुख्यालय में रहकर अपनी जबाबदेही को समझें और विकास योजनाओं को
धरातल पर उतारें। डीडीसी ने  वित्तीय वर्ष 17-18 में स्वीकृत आवास की
समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को एक सप्ताह
के भीतर प्लींथ कराने एवं प्रति पंचायत कम से कम दस आवास को प्राथमिकता
के आधार पर पूर्ण कराने का भी निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने 18-19 में
स्वीकृत आवासों का नींव खुदाई का  कार्य प्रारंभ कर निर्माण कार्य में
तेजी लाने का निर्देश दिया। मनरेगा की समीक्षा के दौरान डीडीसी ने सभी
कर्मियों को प्रत्येक गांव में कम से कम तीन-तीन योजनाओं को चालूकर
मजदूरों को काम देने एवं डीबीटी भी शत प्रतिशत करने का निर्देश दिया।
उन्होंने अधूरे पड़े डोभा का शीघ्र निर्माण कार्य पूरा कराने  एवं
मजदूरों का नियमित मजदूरी भुगतान कराने का भी निर्देश दिया। उन्होंने
कहा की मजदूरी भुगतान में देरी एवं निर्धारित मानव दिवस की प्राप्ति
नहीं होने पर कर्मियों के विरूद्ध कारवाई करने की चेतावनी दी। बैठक में
जिला परियोजना पदाधिकारी अभिमन्यू कुमार, बीडीओ मुरली यादव, बीपीओ
रविशंकर सिंह, राजेश कुमार शुक्ल समेत सभी पंचायत, रोजगार एवं पंचायत
स्वयं सेवक मौजूद थे।

No comments:

Post a Comment