अपह्रत युवक को तीन दिनों बाद पुलिस ने रंका के सिरोई कला से किया बरामद, चार अपहरणकर्ता गिरफतार

गढ़वा: बीस लाख रुपये फिरौति की रकम के लिए 7 अप्रैल को अपह्रत गढ़वा जिले के भवनाथपुर निवासी रमेश चन्द्र मिश्रा के पुत्र विवेक मिश्रा को पुलिस ने मंगलवार को रंका थाना क्षेत्र के सिरोई कला गांव से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने अपहरण के इस मामले में शामिल चार अपहरणकर्ताओं को भी गिरफतार कर लिया है। उक्त जानकारी पुलिस अधीक्षक मो. अर्शी ने मंगलवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी।

इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक श्री अर्शी ने बताया कि आठ अप्रैल को भवनाथपुर थाना क्षेत्र के निवासी रमेश चन्द्र मिश्रा ने अपने पुत्र विवेक मिश्रा के रांची से चलने के बाद घर नही पहंुचने की प्राथमिकी भवनाथपुर थाना में दर्ज कराई थी। भवनाथपुर थाना कांड संख्या 62/18 दिनांक 08.04.18 भादवि धारा 364ए के तहत मामला दर्ज था। इसके पश्चात पुलिस ने एक टीम का गठन किया और अनुसंधान प्रारंभ किया। इस बीच अपहरणकर्ताओं ने अपह्रत विवेक के मोबाईल से फोन कर उसके पिता से 20 लाख रुपयों की फिरौती मांगी और दो-तीन स्थानों पर बुलाया। इस बीच पुलिस ने आज मंगलवार को शहर के चिनिया मोड़ से अपहरणकर्ता की टीम के मुख्य लीडर राहुल पाण्डेय उर्फ लुलु पाण्डेय को गिरफतार किया। इसकी निशानदेही पर अपह्रत विवेक मिश्रा को रंका थाना के सिरोई कला से बरामद किया गया। साथ ही अन्य अपहरणकर्ता रितेश कुमार यादव, अनुप तिवारी तथा सुधाकर तिवारी को गिरफतार किया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि विवेक मिश्रा सात अप्रैल को रांची से शक्तिपूंज एक्सप्रेस ट्रेन से भवनाथपुर आ रहा था। इसी बीच विवेक रांची से जब गढ़वा पहंुचा तो उसका अपहरण कर उसे काली इंडिका कार से रंका के सिरोई कला गांव ले जाया गया। वहां उसे बांध कर रखा गया था। किन्तु पुलिस टीम के द्वारा समय रहते उसकी बरामदगी के साथ-साथ अपहरणकर्ताओं की गिरफतारी भी कर ली गयी। उन्होने बताया कि अपहरणकर्ताओं के पास से विवेक के मोबाईल समेंत कुल पांच मोबाईल तथा अपहरण की घटना में प्रयुक्त इंडिका कार को भी बरामद किया गया है। पत्रकार वार्ता में रंका एसडीपीओ विजय कुमार सिंह, भवनाथपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार भी उपस्थित थे।

No comments:

Post a Comment