अंडर-14 क्रिकेट में गढ़वा ने सरायकेला खरसावां को 5 विकेट से किया पराजित

गढ़वा: गढ़वा में खेले जा रहे अंडर-14 अन्तर जिला क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत बुधवार को खेले गये मैच में मेजबान गढ़वा ने सरायकेला खरसावां को पांच विकेट से पराजित कर पुरे अंक अर्जित किये। स्थानीय बालिका मध्य विद्यालय के मैदान में खेले जा रहे आज के इस मैच में गढ़वा के सारिक अंसारी मैन आॅफ द मैच घोषित किये गये। मुख्य अतिथि जिला जज कमलेश कुमार शुक्ला के द्वारा यह पुरस्कार दिया गया।

निर्धारित 40 ओवरों के इस मैच में सरायकेला खरसावां ने टाॅस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पहले खेलते हुए सरायकेला 35.2 ओवरों में 135 रनों पर ही आॅल आउट हो गयी। सरायकेला की ओर से बल्लेबाजी करते हुए चिन्टु झा ने 33, आर्यन जायसवाल ने 24, आकाश महतो ने 16 तथा सौम्यदीप बेज ने 15 रनों का योगदान दिया। गढ़वा की ओर से गेन्दबाजी करते हुए प्रियांशु राज ने 26 रनों पर तीन, कुमार आदित्य ने 5 रनों पर दो तथा सुरज ओझा ने 18 रनों पर दो विकेट प्राप्त किया। जवाबी पारी खेलने उतरी गढ़वा की टीम 34.2 ओवरों में पांच विकेट खोकर विजय लक्ष्य प्राप्त कर लिया। गढ़वा की ओर से बल्लेबाजी करते हुए मो. सारिक अंसारी ने नाबाद 39 रनों की पारी खेली। वहीं साहिल सिदद्की ने 36 तथा मानस राज ने 20 रनों का सहयोग किया। सरायकेला की ओर से गेन्दबाजी करते हुए आकाश महतो ने 20 रनों पर दो, बिजेन्द्र कुमार ने 38 रनों पर दो तथा सार्थक जोगदंड ने 23 रनों पर एक विकेट प्राप्त किया। इस मौके पर मैच आब्जर्वर रतन कुमार, स्कोरर दीपक, जिला क्रिकेट संघ के सचिव संजय कुुमार सिंह आदि उपस्थित थे।

No comments:

Post a Comment